बछरावां। तिलेंडा गांव में सोमवार रात चोरों ने धावा बोलकर दो घरों से पांच लाख की चोरी की। वहीं दो घरों में चोरी का प्रयास किया। आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। लोगों ने घटनाओं के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराते हुए बछरावां कोतवाली प्रभारी को हटाने तक की मांग की। घटनाओं की वजह से लोग रात में सो नहीं पा रहे हैं। पुलिस घटनाओं की जांच कर रही है।
गांव निवासी किसान अनूप कुमार के घर को चोरों ने पहले निशाना बनाया। चोरों ने कमरे में रखे बक्से से लगभग दो लाख कीमत के सोने चांदी के आभूषण पार कर दिए। पीड़ित के मुताबिक चोर घर की पिछली दीवार से छत पर पहुंचे और फिर जीने से होते हुए घर के अंदर दाखिल हुए। जेवरात निकालने के बाद चोर खाली बक्सों को घर के पीछे फेंक दिया। इसके बाद चोरों ने गांव के ही दिनेश के घर पर धावा बोला। घर के पिछले कमरे का ताला काटकर वहां रखे करीब तीन लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान उठा ले गए। दिनेश परिवार समेत दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। घर पर कोई मौजूद नहीं था। संजीव कुमार प्रजापति और सुभाष के घर भी चोरों ने चोरी का प्रयास किया।
क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटना पर रामस्वरूप यादव, गंगा प्रसाद, महेशचंद्र, रोहित आदि का कहना है कि पुलिसिंग व्यवस्था फेल है। इसी वजह से क्षेत्र में चोरों का बोलबाला है। खासकर फरवरी माह में तो चोरियों की बाढ़ सी आ गई है। बछरावां कोतवाली प्रभारी श्याम कुमार पाल चोरी की घटनाओं को रोकने में नाकाम साबित हो रहे हैं। चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा तो पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। उधर, अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजीव कुमार सिन्हा का कहना है कि चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा किया जाएगा।
इनसेट
फरवरी माह में चोरी की घटनाओं पर एक नजर
12 फरवरी- भगतखेड़ा गांव में एक घर से चोरों ने ढाई लाख की चोरी।
14 फरवरी- बछरावां कस्बे में चोरों ने दो ई रिक्शा की कुल आठ बैटरी पार की।
16 फरवरी- थुलेंडी गांव में पुलिस चौकी से 50 मीटर की दूरी पर खड़ी कार चोरी।
16 फरवरी- फ्लिपकार्ट गोदाम से डेढ़ लाख की चोरी।
17 फरवरी की रात तिलेंडा गांव में दो घरों से पांच लाख की चोरी।