सरेनी थाना क्षेत्र में चोरों ने रविवार की रात एक सिपाही के घर से डेढ़ लाख रुपये नगद समेत पांच लाख का सामान पार कर दिया। ग्रामीणों के बताने पर परिवारीजनों की नींद टूटी।
घर वालों के साथ ग्रामीणों ने कुछ दूर तक पीछा किया, लेकिन चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। देर रात एसओ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच की, लेकिन चोरों का सुराग नहीं मिला। सिपाही के बड़े भाई ने केस दर्ज करा दिया है।
कनकापुर निवासी कामता प्रसाद किसानी करता है। उसका छोटा भाई धीरेंद्र सिंह इलाहाबाद के फरवई थाने में सिपाही है। वहीं दो अन्य भाई शैलेंद्र व बालेंद्र सेना में हैं। शैलेंद्र आगरा और बालेंद्र लखनऊ में तैनात है।
रविवार की रात कामता दरवाजे और घर की महिलाएं छत पर सो रही थीं। इसी बीच पेड़ के सहारे छत से होकर चोर घर में घुस गए। अलमारियों व बक्सों का ताला तोड़कर चोरी की।
रात करीब एक बजे पड़ोसियों ने फोन पर कामता को चोरों के आने की जानकारी दी, जिससे उसकी नींद उड़ गई। किसान के जाग जाने का पता चलते ही चोर भागने लगे।
परिवारीजनों का शोरगुल सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने कुछ दूर तक चोरों का पीछा किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। किसान के मुताबिक, चोर डेढ़ लाख रुपये नगद और जेवर समेत पांच लाख रुपये का सामान चुरा ले गए हैं।
सूचना पर सरेनी एसओ आरके सिंह मौके पर पहुंचे। परिवारीजनों से पूछताछ व पड़ताल की, लेकिन चोरों का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा। थानेदार ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। चोरों की तलाश की जा रही है।