अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को एक युवक ने कनपटी पर तमंचा लगाकर खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में उसे सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे अमेठी जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग की बात सामने आ रही है।
रामपुर मजरे कुकहा निवासी विनय प्रताप सिंह (25) पुत्र रामनारायण सिंह की शादी अभी नहीं हुई थी।
वह घर पर रहकर किसानी करता था। पूर्वाह्न 11 बजे विनय प्रताप ने 315 बोर के तमंचा को कनपटी पर लगाकर खुद को गोली मार ली। गोली लगने से खून से लतपथ युवक जमीन पर गिर पड़ा। जिस समय उसने गोली मारी, परिवारीजन घर के बाहर थे।
परिवारीजन घर के अंदर पहुंचे तो उसे घायल देख दंग रह गए। आनन-फानन उसे सीएचसी सिंहपुर पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने पर अमेठी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अमेठी ले जाते समय रास्ते में विनय प्रताप सिंह की मौत हो गई।
मृतक दो भाई और तीन बहनों में सबसे छोटा था। पिता रामनारायण सिंह और मां द्रौपदी घटना से गमगीन हैं। घटना की बाबत कुछ नहीं बता पा रहे हैं। ग्रामीणों की मानें तो प्रेम-प्रसंग के चलते युवक ने खुदकुशी की है।
शिवरतनगंज पुलिस ने परिवारीजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। थानेदार दिनेश यादव का कहना है कि युवक ने तमंचा लगाकर खुद को गोली मारकर खुदकुशी की है। आत्महत्या की कोई स्पष्ट वजह अभी तक सामने नहीं आई है। जांच की जा रही है।