सलोन में पुजारी की हत्यारोपी पत्नी द्रौपती को पकड़कर ले जाती पुलिस।
- फोटो : सलोन में पुजारी की हत्यारोपी पत्नी द्रौपती को पकड़कर ले जाती पुलिस।
सलोन। मुर्तजानगर गांव स्थित कारेदेवन मंदिर के पुजारी बाबा मोहननाथ अघोरी (52) की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उनकी पत्नी ने की थी। पुलिस ने बिना कोई प्रेसनोट जारी किए और मीडिया से दूरी बनाते हुए आरोपी पत्नी को बुधवार को जेल भेज दिया। पुलिस ने जिस तरह घटना का खुलासा किया है, वह लोगों के गले नहीं उतर रहा है। पुलिस का दावा है कि रुपयों के लेनदेन के चलते पत्नी ने बांके से पति की हत्या की थी।
मुर्तजानगर गांव में कारेदेवन धाम मंदिर के आश्रम में शाहजहांपुर जिले के बाबा मोहननाथ अघोरी लगभग 20 वर्षों से रहते थे। मोहननाथ ने बंगाल की रहने वाली द्रौपदी अघोरी से विवाह किया था। पत्नी भी आश्रम में साथ रहती थी। बाबा आश्रम में ही तंत्र-मंत्र व झाड़फूंक करने का कार्य करते थे। शनिवार रात मोहननाथ की हत्या कर दी गई थी। पत्नी द्रौपदी अघोरी के शरीर पर चोट के निशान थे। पत्नी ने दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था। मामले में गांव के ही सुखदेव और संजय के खिलाफ केस दर्ज किया था।
हालांकि, पुलिस की जांच में प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया। बुधवार शाम पुलिस ने पुजारिन द्रौपदी को ही पति की हत्या का मुख्य अभियुक्त मानते हुए गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक राघवन कुमार सिंह ने बताया कि रुपयों के लेन-देन को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। घटना की रात मोहननाथ नशे की हालत में आश्रम पहुंचे और पत्नी से रुपया मांगने लगे। इस दौरान पत्नी के गले पर चाकू रख दिया। आत्मरक्षा में द्रौपदी ने आश्रम में रखे बांके से पति पर वार कर दिया। अत्यधिक रक्तस्राव के चलते पुजारी की मौके पर ही मौत हो गई।