रायबरेली में शहर के रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म एक पर ट्रेन के आने का इंतजार करते यात्री।
रायबरेली। कोहरे की वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित है। कुछ ट्रेनें निरस्त हैं, तो कुछ विलंब से चल रही हैं। इससे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ी हैं। उन्हें घंटों इंतजार के बाद ट्रेनों से सफर करने का मौका मिल रहा है या फिर रोडवेज बस से यात्रा करना मजबूरी बन गया है। बृहस्पतिवार को बनारस-देहरादून जनता मेल और शक्ति नगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। इसलिए यात्रा शुरू करने के पहले यात्री ट्रेनों के बारे में जानकारी कर लें, ताकि रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद निराश होकर लौटना न पड़े।
बुधवार को भी कई ट्रेनें निरस्त होने के कारण नहीं आईं। मालदा टाउन-नई दिल्ली एक्सप्रेस, टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस और देहरादून-बनारस जनता मेल के रद्द होने के कारण यात्रियों को परेशानी हुई। लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर ने पौने पांच घंटे, चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस ने चार घंटे, प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस ने तीन घंटे व वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस ने दो घंटे इंतजार कराया।
बनारस-देहरादून जनता मेल व मुंबई-प्रतापगढ़ उद्योग नगरी एक्सप्रेस सवा घंटे, लखनऊ-बनारस एक्सप्रेस एक घंटे, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल, प्रयागराज-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस व प्रयागराज-कानपुर पैसेंजर आधे घंटे, गोरखपुर-प्रयागराज वंदेभारत 15 मिनट विलंब से आई। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि कोहरे की वजह से ट्रेनों की रफ्तार पर असर पड़ा है। इसीलिए ट्रेनें विलंब से पहुंच रही हैं।