बछरावां में लालगंज रोड पर बनी रेलवे क्रॉसिंग को बंद किए जाने पर क्षेत्रीय नागरिकों और सपाइयों ने शुक्रवार को सपा विधायक रामलाल अकेला के नेतृत्व में ट्रैक पर बैठकर धरना-प्रदर्शन किया।
रेलवे ट्रैक पर सपाईयों के एकत्र होने के कारण लखनऊ की ओर जा रही मालगाड़ी आधा घंटे तक खड़ी रही। डीएम के निर्देश पर पहुंचे एसडीएम महराजगंज एमएल यादव ने किसी तरह सपाइयों को शांत कराया।
बछरावां कस्बे में ओवरब्रिज बनने के बाद रेल अफसरों ने लालगंज रोड पर बनी क्रॉसिंग को बंद करा दिया। इसके विरोध में पूर्वाह्न करीब 10:30 बजे विधायक पुत्र विक्रांत अकेला ने समर्थकों के साथ पहुंचकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इसी दौरान मालगाड़ी आती देख सभी लोग ट्रैक पर एकत्र हो गए। इससे चालक ने आउटर के पास ही मालगाड़ी को रोक दिया। मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक रामलाल अकेला ने रेल अफसरों से बात की।
डीएम को फोन करके रेलवे क्रॉसिंग बंद करने पर नाराजगी जताई। विधायक ने एसडीएम एमएल यादव को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि क्रॉसिंग बंद करने से पहले रेल अफसर बाईपास बनवाएं, ताकि आवागमन में परेशानी न हो।
इस मौके पर शशिकांत, शकील मंसूरी, रामू गुप्ता, विजय विक्रांत अकेला, ललित कुमार, अनुज चौधरी, अंकित, आशुतोष, राजेश, रन बहादुर मौजूद रहे।