बछरावां। क्षेत्र के बन्नांवा गांव में ग्राम समाज की ढाई बीघे की जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान का निर्माण कराया जा रहा था। मामले की जानकारी राजस्व टीम को मिली तो लेखपाल व पुलिस के सिपाही मौके पर पहुंचे। राजस्व टीम ने कब्जा हटाने की बात कही तो दबंगों ने टीम को दौड़ा लिया। लाठी से हमला करने की कोशिश की गई। इस पर टीम को जान बचाकर लौटना पड़ा।
गांव में ढाई बीघा की जमीन ग्राम समाज की है। सोमवार को जमीन के हिस्से पर कब्जा करने के इरादे से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। मामले की जानकारी ग्रामीणों ने राजस्व विभाग को दी तो टीम जांच के लिए पहुंची। इसी दौरान दबंगों ने टीम का विरोध किया। आरोप है कि उन्होंने लाठी-डंडे लेकर राजस्व टीम को दौड़ा लिया।
भीड़ अधिक होने से टीम को लौटना पड़ा। मामले की जानकारी एसडीएम महाराजगंज चंद्रप्रकाश गौतम की दी गई। उन्होंने इस बारे में उच्चाधिकारियों से बात की। एसडीएम ने बताया कि मंगलवार को नायब तहसीलदार और भारी पुलिस बल के साथ टीम मौके पर पहुंचेगी और अवैध निर्माण को ढहाया जाएगा। हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।