रायबरेली। शहर के रेलवे स्टेशन के निकट स्थित रेलवे साइडिंग की सड़क बदहाल हो चुकी है। ऐसे में कभी भी ट्रक पलटने से बड़ा हादसा हो सकता है। साइडिंग के पास तेज धूप और बारिश से बचने के लिए पर्याप्त शेड की व्यवस्था नहीं है। पानी के लिए लोगों को भटकना पड़ता है। इन समस्याओं के लिए कई बार उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जा चुका है, लेकिन काम शुरू नहीं हो सका है।
स्टेशन के निकट स्थित यह रेलवे साइडिंग रूपामऊ साइडिंग के नाम से जानी जाती है। करीब 900 मीटर लंबी साइडिंग की रेल लाइन है, जिस पर मालगाड़ी की 58 बोगियां खड़ी हो सकती हैं। रेल लाइन के किनारे लगभग 700 मीटर का प्लेटफार्म बना है। मजबूती के लिए रेलवे ट्रैक के स्लीपर बिछाए गए हैं।
पूर्वी छोर की तरफ करीब 50 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त है। मिट्टी धंसने की वजह से स्लीपर टूट गए हैं और गड्ढे बन गए हैं। इसके अलावा भी कई जगह गड्ढे हैं। इसी प्लेटफार्म पर ट्रक खड़े होते हैं, ताकि मालगाड़ी से सामान ट्रकों में रखा जा सके। आसपास बसे मोहल्लों के लोगों के आवागमन का रास्ता भी इसी प्लेटफार्म से होकर गुजरता है। इससे हादसे का अंदेशा बना रहता है।
इतनी लंबी साइडिंग में सिर्फ नाम के लिए करीब 40 फुट का शेड लगा है, जहां मवेशियों का डेरा रहता है। शेड के पास ही इकलौता हैंडपंप लगा है। हैंडपंप के पानी का उपयोग हाथ-मुंह धोने में ज्यादा किया जाता है। प्रकाश की व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं है। साइडिंग पर औसतन रोजाना रोज एक मालगाड़ी आती है। दर्जनों ट्रक आते-जाते रहते हैं।
ट्रक चालकों, क्लीनरों, अनलोडिंग व लोडिंग करने वाले मजदूरों को ज्यादा परेशानी होती है। धूप से बचने के लिए मजदूर ट्रक के नीचे बैठने को मजबूर होते हैं। वाणिज्य निरीक्षक डीडी शुक्ला का कहना है कि रूपामऊ साइडिंग पर काफी समस्याएं हैं। सड़क सही कराने, शेड लगवाने, पानी के इंतजाम के लिए मंडल स्तरीय अधिकारियों को पत्र भेजा है।
भरे जाएंगे गड्ढे, क्रॉसिंग पर लगेगा सबमर्सिबल
रूपामऊ साइडिंग पर सड़क के गड्ढे भरवाने के साथ ही पेयजल की समस्या दूर करने के लिए सबमर्सिबल लगवाया जाएगा। रेलवे के वरिष्ठ खंड अभियंता (कार्य) विजय श्रीवास्तव का कहना है कि प्लेटफार्म वाले हिस्से में कई जगह गड्ढे होने की जानकारी है। ट्रकों के पटलने का खतरा रहता है। इसीलिए इस हफ्ते काम शुरू कराया जाएगा।
साइडिंग वाली क्रॉसिंग पर पेयजल की समस्या का हल निकालने के लिए सबमर्सिबल लगाने की योजना भी बनाई गई है। इस पर जल्दी ही काम शुरू कराएंगे। शेड लगवाने का कोई प्रस्ताव अभी नहीं है। अगर उच्चाधिकारियों का आदेश मिला तो शेड भी लगवाएंगे।