रायबरेली में सलोन विधायक अशोक कुमार ने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए विभागीय अधिशासी अभियंता की जांच की मांग की। विधायक ने अनियमितता नहीं रुकी तो इस्तीफे की चेतावनी दी। विभागाध्यक्ष ने जांच का आश्वासन दिया।
रायबरेली। गल्लामंडी ओवरब्रिज की जांच के लिए आए लोक निर्माण विभाग के विभागाध्यक्ष एके द्विवेदी ने दफ्तर के गेस्ट हाउस में बृहस्पतिवार को विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान सलोन विधायक अशोक कुमार और ठेकेदारों ने लोक निर्माण विभाग खंड प्रथम की अधिशासी अभियंता पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
विज्ञापन
विधायक ने हाथ जोड़कर कहा कि भ्रष्टाचार की जांच कराई जाए, यदि मनमानी नहीं रोकी गई, तो इस्तीफा दे दूंगा। उन्होंने साफ कहा कि विधानसभा क्षेत्र सलोन में कई ऐसी सड़कें बनाई गई, जिनकी गुणवत्ता ठीक नहीं है। इसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों से की गई। यही नहीं उनके साथ विभागीय टीम भेजकर जांच कराने की बात कही, लेकिन अवर अभियंता से लेकर अधिशासी अभियंता ने उनकी बात को नजरंदाज किया गया।
समीक्षा बैठक के दौरान सलोन विधायक ने कहा कि मैंने विभागाध्यक्ष एके द्विवेदी से लोक निर्माण विभाग खंड प्रथम की अधिशासी अभियंता की शिकायत की। ठेकेदारों ने भी एक्सईएन पर भुगतान करने में मनमानी समेत अन्य समस्याओं को विभागाध्यक्ष से बताया। कहा कि इसके पहले इस तरह कभी नहीं हुआ। काम कराने के बाद भुगतान करने में कमीशनबाजी की जाती है। विभागाध्यक्ष ने विधायक को आश्वस्त किया कि जल्द इसकी जांच कराई जाएगी।