रायबरेली। ट्रकों से अवैध वसूली के खेल की जांच शुरू हो गई है। एआरटीओ कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा दिए गए हैं। कॉल रिकार्डिंग खंगाली जा रही है। दलालों का जो गिरोह सक्रिय था, वह भूमिगत हो गया है। उन लोगों के मोबाइल नंबर ट्रेस किए जा रहे हैं जो एआरटीओ कार्यालय से बहुत नजदीक से जुड़े थे।
एसटीएफ के उपनिरीक्षक अमित कुमार ने गत मंगलवार रात रायबरेली के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के अंबारा पश्चिम मोहित सिंह, अयोध्या जिले के बेजू पुरवा टिहुरा निवासी ट्रक चालक सुनील यादव, एआरटीओ प्रवर्तन फतेहपुर पुष्पांजली, उनके चालक सिकंदर, यात्रीकर अधिकारी (पीटीओ) फतेहपुर अखिलेश तिवारी, उनके चालक अशोक तिवारी, एआरटीओ प्रवर्तन रायबरेली अंबुज, उनका दीवान नौशाद, पीटीओ रायबरेली रेहाना, उनका चालक सुशील और मिथुन के खिलाफ लालगंज कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम आदि की धारा में केस दर्ज कराया गया था।
बुधवार को एसटीएफ की टीम दलाल मोहित सिंह और ट्रक चालक सुनील यादव को एसटीएफ पकड़कर साथ ले गई थी। बाद में दोनों को जेल भेज दिया गया। इस मामले में 11 आरोपियों की तलाश में पुलिस और एसटीएफ लगी हुई है। मामले में सीओ लालगंज ने विवेचना शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह खेल लंबे समय से खेला जा रहा था और इसका पूरा सिंडिकेट नेटवर्क बना हुआ था। जिसकी कड़ी उन्नाव, कानपुर और लखनऊ से भी जुड़ी है। यही कारण है कि उन्नाव में भी कार्रवाई हुई है।
शुक्रवार को सीओ लालगंज ने केस फाइल को खंगाला।सूत्र बताते हैं कि चरणबद्ध तरीके से केस को खंगाला जा रहा है। नेटवर्क का अहम हिस्सा कौन चला रहा था और उसके तार कहां-कहां तक जुड़े थे। इसके लिए खुफिया टीम को भी सक्रिय किया गया है।
अधिकारियों के खास लोगों से हो सकती पूछताछ
इस मामले में एआरटीओ के जो अधिकारी और कर्मचारी फंसे हैं, उनकी पहचान वालों की भी लिस्ट तैयार की जा रही है। अधिकारियों से कौन मिलता था और क्या बातचीत होती थी, इसके लिए सर्विलांस नेटवर्क का सहारा लिया जा रहा है। उधर एआरटीओ कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने अपने मुखबिरों के जाल को भी बिछाया है। सीओ अमित सिंह का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले को खोला जाएगा। इसमें और कौन लोग हैं और यह नेटवर्क कैसे चल रहा था, इसका खुलासा होगा। आरोपी भी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे।