रायबरेली। लखनऊ की एक एजेंसी से खरीदी गई कोडीनयुक्त 1.75 शीशी सिरप की जांच के लिए कल्लू का पुरवा में सील दवा एजेंसी को बुधवार को खोला गया। जांच के बाद उसे फिर से सील कर दिया गया। एजेंसी से मिले परचेज बिलों की जांच ड्रग इंस्पेक्टर ने शुरू कर दी है।लंबे समय से कोडीनयुक्त सिरप का दुरुपयोग किया जा रहा है। इस सिरप का उपयोग नशे के लिए किया जा रहा है।
इसके बाद भी मोटी कमाई के लिए सिरप का कारोबार जारी रही। पिछले सप्ताह लखनऊ में ड्रग इंस्पेक्टरों की टीम ने अभियान चलाकर दवा एजेंसियों की जांच की थी। लखनऊ के इदिका लाइफ साइंसेज टांसपोर्ट नगर से जिले के कल्लू का पुरवा में संचालित अजय एजेंसी के संचालक ने पिछले 10 माह में करीब 1.75 लाख शीशी कोडीनयुक्त सिरप की खरीदी थी। सिरप की कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई गई है।
मामला संज्ञान में आने के बाद तीन दिन पहले ड्रग इंस्पेक्टर शीवेंद्र प्रताप सिंह ने एजेंसी को सील कर दिया था। बुधवार को एजेंसी संचालक और पुलिस की मौजूदगी में सील खोला गया। कई घंटे तक जांच के बाद दोबारा एजेंसी को बंद करा दिया गया। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि एजेंसी की सील को खोलकर जांच की गई। जांच पूरी होने तक एजेंसी को दोबारा बंद किया गया है। जल्द ही जांच पूरी होने के बाद पूरा सच सामने आएगा।