जिले में हर दिन सर्दी का सितम बढ़ रहा है। खीरों ब्लॉक क्षेत्र में फसल की सिंचाई करने गए एक युवक की ठंड लगने से मौत हो गई। एसडीएम ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
खीरों कस्बा निवासी संतोष कुमार (35) पुत्र श्रीपाल खेती किसानी करता था।
शुक्रवार रात गांव के किनारे गेहूं की फसल में पानी लगाने गया था। सुबह खेत में ही अचानक सीने में तेज दर्द होने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे घर पहुंचाया। परिवारीजनों ने उसे तुरंत सीएचसी लेकर गए।
जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी रानी, पुत्री शालू (12) वर्ष, नैन्सी (10), दीपांशी (3) का रो रोकर हाल बेहाल है। पत्नी रानी का कहना है कि ठंड लगने से संतोष की मौत हुई है।
एसडीएम सुल्तान असरफ सिद्दीकी ने बताया कि युवक की ठंड लगने से मौत की जानकारी नहीं है। राजस्व कर्मियों को गांव भेजकर इसकी जांच कराई जाएगी। यदि ठंड लगने से युवक की मौत हुई है तो पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।