घर पर लगे झंडे को हटाने को लेकर सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मो. साहिल ने सोमवार को फ्लाइंग स्क्वायड के मजिस्ट्रेट के साथ न सिर्फ मारपीट की बल्कि जानमाल की धमकी दी। मजिस्ट्रेट की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। कोतवाल ने पहले कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में कहा कि जल्द ही उसे पकड़ा जाएगा।
सदर कोतवाल सुधीर चंद्र पांडेय के मुताबिक फ्लाइंग स्क्वायड के मजिस्ट्रेट सत्य नारायण सरोज रायबरेली-परशदेपुर रोड पर गोरा बाजार के आगे 25वीं वाहिनी पीएसी के पास भ्रमण पर थे। पीएसी के पास सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मो. साहिल का आवास है।
जिलाध्यक्ष ने कई झंडे घर पर लगा रखे थे। मजिस्ट्रेट ने झंडे उतारने को कहा। इस पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि जिलाध्यक्ष ने मजिस्ट्रेट के साथ मारपीट करते हुए जानमाल की धमकी दी।
कोतवाल ने बताया कि मजिस्ट्रेट की तहरीर पर सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मोहम्मद साहिल के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा, आचार संहिता का उल्लंघन और जानमाल की धमकी देने व 7 क्रिमिनल ला एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुलिस आरोपी को घटना स्थल से ले गई। गिरफ्तारी की बात भी कही, लेकिन बाद में मुकर गई। अब कोतवाल का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।