बिजली कटौती और जेई की मनमानी से खफा व्यापारियों ने सोमवार को विद्युत उपकेंद्र हरचंदपुर का घेराव किया। सभी ने जेई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की।
आरोप लगाया कि जेई लोगों का फोन नहीं उठाते हैं। अधिशासी अभियंता से मोबाइल पर बात करने के बाद व्यापारी शांत हुए।
व्यापारी नेता योगेश मोहन, सुधीर, हरिओम गुप्ता सहित दर्जनों व्यापारी नारेबाजी करते हुए विद्युत उपकेंद्र हरचंदपुर पहुंचे। उपकेंद्र का घेराव करके प्रदर्शन किया।
व्यापारियों ने कहा कि क्षेत्र में व्यापारियों को भरपूर बिजली नहीं मिल पा रही है। अघोषित कटौती से लोगों को जूझना पड़ रहा है। लाइनों में फाल्ट आने पर कई-कई दिनों तक ठीक नहीं किया जाता है।
जेई एसके वर्मा उपभोक्ताओं के मोबाइल फोन भी उठाना उचित नहीं समझते हैं। इसकी शिकायत भी कई बार अधिकारियों से की गई, लेकिन जेई की कार्यशैली मेें सुधार नहीं हुआ।
एसडीओ एसएन यादव ने व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह उच्चाधिकारियों से वार्ता करने की बात कह रहे थे। एसडीओ ने मोबाइल पर अधिशासी अभियंता अशोक कुमार से बात की।
एक्सईएन ने समस्याओं के निराकरण भरोसा दिया। इसके बाद व्यापारी शांत हुए। इस मौके पर अशोक सिंह, अंकुर जायसवाल, आशीष, परवेज खान, राहुल, छोटेलाल चौधरी मौजूद रहे।