अमेठी के फुरसतगंज थाना क्षेत्र में स्थित इग्रुआ में शुक्रवार को एक बड़ी दुर्घटना टल गई। सोलो उड़ान के बाद लैंडिंग के दौरान विमान फिसल कर रनवे से बाहर चला गया। गनीमत रही कि प्रशिक्षु पायलट ने समय रहते विमान पर काबू पा लिया।
जिससे पायलट और विमान दोनों सुरक्षित बच गए। घटना से अफसरों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के नजरिये से दमकल और एंबुलेंस मौके पर बुला ली गई। फुरसतगंज स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी (इग्रुआ) से प्रशिक्षु पायलट सतीश विमान डायमंड डीए-40 लेकर सोलो उड़ान के लिए गया था।
उड़ान पूरी करने के बाद करीब तीन बजे प्रशिक्षु पायलट विमान को अकादमी के रनवे पर लैंड करा रहा था। लैंडिंग के दौरान विमान रनवे पर फिसल गया। पायलट जब तक विमान को काबू में करता तब तक वह रनवे से बाहर घास के मैदान में चला गया।
प्रशिक्षु पायलट ने हिम्मत और सूझबूझ से विमान को काबू में करके न सिर्फ अपनी जान बचाई, बल्कि विमान को भी क्षतिग्रस्त होने से बचा लिया। विमान के रनवे पर फिसलने की सूचना मिली तो अकादमी के अफसरों में हड़कंप मच गया। किन्हीं भी परिस्थितियों से निपटने के लिए एंबुलेंस और दमकल कर्मियों की टीम मौके पर बुला लिया गया।
इग्रुआ के प्रोटोकॉल अफसर आरके द्विवेदी ने बताया कि लैंडिंग के दौरान विमान रनवे पर फिसल गया था। समय रहते प्रशिक्षु पायलट ने विमान को नियंत्रित कर लिया। इसमें किसी तरह की कोई हानि नहीं हुई है। पायलट और विमान दोनों सुरक्षित हैं।