टीईटी के बाद शहर के आचार्य द्विवेदी इंटरकॉलेज से बाहर निकलते अभ्यर्थी।
रायबरेली। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) के लिए जिले में बनाए गए 19 केंद्रों में दूसरे दिन शुक्रवार को भी दो पालियों में परीक्षा हुई। दूसरे दिन 15,984 अभ्यर्थी उपस्थित और 1104 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। तीसरे व अंतिम दिन शनिवार को सिर्फ एक पाली में परीक्षा होगी, जिसमें 8544 अभ्यर्थी आवंटित हैं। दूसरे दिन भी परीक्षा के दौरान केंद्रों के अंदर कड़ी निगरानी रही। हर केंद्र में स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे। कई अधिकारियों ने भ्रमण किया।
सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक पहली पाली और दोपहर 2:30 बजे से शाम पांच बजे तक दूसरी पाली की परीक्षा हुई। शहर में सभी प्रमुख स्कूल-काॅलेजों जीआईसी, जीजीआईसी, लाल ऋषि कन्या इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, वैदिक इंटर कॉलेज, आचार्य द्विवेदी इंटर कॉलेज के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में महराजगंज, खागीपुर सड़वा, गंगागंज, हरचंदपुर, देदौर, मुंशीगंज, राही, घुरवारा में केंद्र बनाए गए, जहां दोनों पालियों में परीक्षा कराई गई।
द्वितीय दिवस पहली पाली में 8544 अभ्यर्थियों में से 7929 अभ्यर्थी उपस्थित और 615 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 8544 अभ्यर्थियों में से 8055 अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। घुरवारा प्रतिनिधि के मुताबिक श्रीगांधी इंटरमीडिएट कॉलेज में दूसरे दिन भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा हुई। फतेहपुर और लखनऊ समेत कई जिलों के अभ्यर्थी पहुंचे। सघन जांच के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया।