रायबरेली। जिले में 18 अक्तूबर को कराए गए निपुण असेस्मेंट टेस्ट (एनएटी) के नतीजे जल्द आने की उम्मीद है। जिस तरह टेस्ट की ओएमआर शीट सरल एप पर अपलोड कराई गई थी, उसी तरह रिजल्ट भी ऑनलाइन आएगा। निपुण भारत मॉनिटरिंग पोर्टल पर रिजल्ट अपलोड करने की तैयारी शुरू हो गई है।
जिले में कक्षा-एक से आठ तक के छात्रों की संख्या लगभग तीन लाख है। 18 अक्तूबर को इन सभी बच्चों का निपुण असेस्मेंट टेस्ट कराया गया था। इसमें लगभग 2.40 लाख बच्चों ने भाग लिया था। सभी बच्चों ने ओएमआर शीट पर जवाब दिए थे। डेढ़ महीने बीत गए हैं। अब परीक्षाफल सामने आने की उम्मीद जगी है।
यह रिजल्ट जल्दी ही निपुण भारत मानीटरिंग पोर्टल पर नजर आएगा। शुक्रवार की शाम परियोजना की तकनीकी टीम ने जिला समन्वयक (प्रशिक्षण), जिला समन्वयक (एमआईएस) और खंड शिक्षा अधिकारियों के साथ ऑनलाइन मीटिंग की।
जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) नागेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि एनएटी के रिजल्ट के संबंध में तकनीकी जानकारी दी गई। जल्दी ही रिजल्ट अपलोड होगा, जिसे पोर्टल पर जिला मुख्यालय, ब्लाक मुख्यालय और विद्यालय स्तर पर देखा जा सकेगा। बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि टेस्ट में 80 फीसदी बच्चों ने भाग लिया था।