लालगंज कोतवाली क्षेत्र के दीपेमऊ गांव में एक युवक की शराब पीने से हालत बिगड़ गई। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दीपेमऊ गांव निवासी प्रेमकरन सिंह (23) पुत्र तेजबहादुर सिंह कस्बे में रंगाई-पुताई का काम करता था। बताते हैं कि वह चार दिन से शराब पी रहा था। गुरुवार शाम उसकी हालत बिगड़ गई।
परिवारीजन उसे शुक्रवार को दिन में सीएचसी लाए। जहां गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की पुष्टि ग्राम प्रधान रवींद्र सिंह ने की है।
उन्होंने बताया कि शराब जहरीली थी या नहीं, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही चल सकेगा। उधर, जिला अस्पताल के डॉक्टर का कहना है कि युवक की मौत कोई जहरीला पदार्थ खाने से हुई है।