रायबरेली। जिले में संक्रामक रोगों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को दिमागी बुखार के चपेट में आई किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुखार और डायरिया के भी 18 मरीजों को भर्ती कराया गया।
संक्रामक रोगों और एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम के नियंत्रण के लिए सीएमओ कार्यालय में गठित टीम कागजी खानापूरी तक सिमटकर रह गई है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में गर्मी से मरीज बेहाल दिखे। काउंटरों पर मरीजों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं।
गुरुबख्शगंज क्षेत्र के बरौवा गांव की गुडि़या (16) को सोमवार को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती बताया गया। बताते हैं कि किशोरी को तेज बुखार था। उसे कई दिनों से बुखार आ रहा था। इलाज के बाद भी बुखार कम नहीं हो रहा है। इसके अलावा अर्सलान (3), लकी (6), अरुण (6), अंशिका (2), लक्ष्य (19), रिहांश (3), आजाद (2), पूनम (40), शिवाय (4), राकेश (14), अमित (20) समेत 18 से अधिक मरीजों को बुखार और डायरिया के चपेट में आने के बाद भर्ती कराया गया।
जिले में एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम के अब तक कई मरीज मिल चुके हैं, लेकिन संबंधित टीम कागजी खानापूरी करने में जुटी है। दिनभर सीएमओ दफ्तर में बैठने के बाद टीम के कर्मचारी घर लौटे जा रहे हैं। ऐसे में जिले में संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ता जा रहा है।
उधर, जिला अस्पताल की ओपीडी में सुबह से ही परचा, दवा काउंटर के साथ ही पैथोलॉजी में मरीजों की भीड़ रही। ओपीडी कक्षों के बाहर गर्मी में मरीजों ने घंटों बारी आने का इंतजार किया। सीएमएस डॉ. प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में इलाज और जांच के पर्याप्त बंदोबस्त हैं। बीमारियों का सीजन आ गया है। ऐसे में लोग एहतियात बरतें।