रायबरेली। जिले में बुखार और डायरिया का प्रकोप जारी है। बुधवार को बुखार की चपेट में आने से एक किशोरी की मौत हो गई। 10 से अधिक मरीजों को भर्ती कराया गया। ओपीडी में चिकित्सीय सलाह लेने के लिए मरीजों की भीड़ रही। परचा से लेकर दवा काउंटर तक लंबी लाइन देखने को मिली। ओपीडी में 1600 से अधिक मरीज पहुंचे।
लालगंज क्षेत्र के राना का पुरवा गांव निवासी आयुषी (14) पुत्री बच्चू लाल बुखार के चपेट में आ गई। हालत बिगड़ने पर उसे बुधवार की सुबह जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान किशोरी की मौत हो गई। इसके अलावा बुखार और उल्टी दस्त के चपेट में आने के बाद 10 से अधिक रोगियों को भर्ती करके इलाज शुरू किया गया।
ओपीडी में भी भीड़ देखने को मिली। परचा बनवाने से लेकर दवा लेने तक मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान मरीजों को लंबी लाइन लगानी पड़ी। ओपीडी कक्षों के बाहर भी मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। मेडिसिन विभाग विभाग के चिकित्सक डॉ. रुद्रांश मिश्रा का कहना है कि मौसम में बदलाव के कारण लोग एहतियात बरतें। खानपान पर ध्यान रखें।