रायबरेली। फिरोज गांधी कॉलेज के कॉमर्स कॉन्फ्रेंस हॉल में मंगलवार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आठ दिवसीय एनईपी ओरिएंटेशन एवं सेंसिटाइजेशन प्रोग्राम का उद्घाटन किया गया। कॉलेज के शिक्षक शिक्षा विभाग के बैनर तले यूजीसी मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बद्रीदत्त मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बदलते स्वरूप और नई शिक्षा नीति की बारीकियों को समझने के लिए शिक्षकों का प्रशिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर हर्ष व्यक्त किया कि यह प्रशिक्षण शिक्षकों को आधुनिक वैश्विक मानकों के अनुरूप तैयार करेगा। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. अरुण कुमार, प्रो. उदयभान सिंह, प्रो. नीलांशु अग्रवाल, प्रो. संजय भरतिया और प्रो. निरंजन सिंह ने भी अपने विचार साझा किए और नई शिक्षा नीति के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला।
मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शमिनी श्रीवास्तव ने भी सत्र के दौरान शिक्षकों की मनोवैज्ञानिक संवेदनशीलता और नीति के सामाजिक प्रभाव पर चर्चा की। कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए शिक्षक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद सिंह ने बताया कि मालवीय मिशन के तहत होने वाला यह प्रशिक्षण शिक्षकों के व्यावसायिक विकास के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। इस मौके पर डॉ. इकबाल यूसुफ अंसारी व विभाग के अन्य शिक्षक और कॉलेज स्टाफ उपस्थित रहा।