फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसटीएफ ने शुरू की जांच, मांगे अभिलेख

विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बछरावां में विज्ञान की पूर्णकालिक शिक्षिका के पद पर कार्यरत रही अनामिका शुक्ला के खिलाफ एसटीएफ ने जांच शुरू कर दी है। जांच के सिलसिले में ही एसटीएफ ने बेसिक शिक्षा विभाग से शिक्षिका के चयन से लेकर अब तक के अभिलेख मंगाए हैं। बेसिक शिक्षा ने पत्रावलियां भेज दी हैं। एटीएफ कभी भी यहां जांच के सिलसिले में आ सकती है। दूसरी तरफ मामले में बीएसए ने बछरावां थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी, जिस पर जिले की पुलिस ने भी छानबीन में तेजी दिखानी शुरू कर दी है। विभागीय अभिलेखों की पड़ताल करने के साथ ही शिक्षिका का पता लगाने और साक्ष्य जुटाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
विज्ञापन

प्रदेश के कई जिलों में संचालित कस्तूरबा विद्यालयों में अनामिका शुक्ला के कार्यरत होने का मामला मार्च में ही खुलकर सामने आने लगा था, लेकिन मई के महीने में इस मामले ने तूल पकड़ा। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जब प्रदेश के सभी जिलों से अनामिका शुक्ला नाम की शिक्षिकाओं के बारे में पूछताछ शुरू हुई तो यहां भी बछरावां के कस्तूरबा विद्यालय में इसी नाम की महिला के कार्यरत होने का पता चला। इस पर मार्च में बीएसए ने बछरावां की अनामिका का मानदेय रोकते हुए अभिलेखों का सत्यापन शुरू कराया। नोटिस जारी करते हुए अनामिका को अपना पक्ष प्रस्तुत करने को कहा गया। अनामिका न तो विद्यालय लौटी और न ही बेसिक शिक्षा विभाग में अपना पक्ष रखा, लेकिन करीब दो महीने बाद मई में बीएसए की नोटिस का जिक्र करते हुए अपना इस्तीफा भेज दिया।
एक के बाद एक कई जिलों में मामले खुलने लगे और कासगंज में अनामिका के नाम से कार्यरत सुप्रिया नाम की महिला की गिरफ्तारी हुई तो एसटीएफ भी सतर्क हो गई। इसी बीच गोंडा में मूल अभिलेखों के साथ सामने आई महिला ने खुद को असली अनामिका बताया तो यह मामला और चर्चा में आ गया। प्रकरण में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने जांच के आदेश देने के साथ शिक्षिका को बर्खास्त कर एफआईआर दर्ज कराने की बात कही। इस पर बीएसए ने इसी महीने बछरावां की अनामिका शुक्ला के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया और संविदा समाप्त करने एवं मानदेय के रूप में प्राप्त लगभग 2.58 लाख रुपये की धनराशि की रिकवरी के संबंध में पत्रावली डीएम के समक्ष प्रस्तुत कर दी।
विज्ञापन

अनामिका प्रकरण में विभागीय स्तर पर सभी जरूरी कार्रवाई हो चुकी है। संविदा समाप्त करने के साथ मानदेय की रिकवरी भी कराई जाएगी। बछरावां थाने में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। मामले में एसटीएफ ने भी जांच शुरू कर दी है। कस्तूरबा विद्यालय बछरावां की अनामिका शुक्ला से संबंधित अभिलेख मांगे गए थे जो एसटीएफ को उपलब्ध करा दिए गए हैं।
-आनंद प्रकाश शर्मा, बीएसए।
अनामिका प्रकरण से संबंधित दस्तावेज एसटीएफ को उपलब्ध करा दिए गए हैं। इस पूरे प्रकरण में एसटीएफ अपने स्तर पर छानबीन करेगी। बछरावां थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में भी पड़ताल की जा रही है। शिक्षिका का पता लगाने के साथ ही मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
विज्ञापन

-स्वप्निल ममगाई, एसपी।
प्रदेश के जिन जिलों में अनामिका प्रकरण सामने आया है, उन सभी मामलों की जांच एसटीएफ को सौंपी गई है। इस बारे में अभी ज्यादा कुछ कहना जल्दबाजी होगी।
- लक्ष्मी सिंह, आईजी रेंज।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें