जगतपुर थाना क्षेत्र में हाईवे पर हादसे के बाद क्षतिग्रस्त आलू की बोरी से लदा ट्रैक्टर-ट्राली व
रायबरेली। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर डिडौली स्थित राधास्वामी सत्संग आश्रम के सामने रविवार सुबह आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टैंकर टकरा गया। इससे ट्रैक्टर-ट्राली पेड़ से जा टकराई और श्रमिक सड़क पर गिर गया। टैंकर ने श्रमिक को कुचल दिया। इससे उनकी मौके पर मौत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक घायल हो गया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र के हिलालगंज गांव निवासी अंकुल (22) पुत्र रामदुलारे मजदूरी करते थे। सुबह अंकुल गांव के ही रहने वाले महेश (40) के साथ ट्रैक्टर-ट्राॅली पर आलू लादकर मंडी समिति रायबरेली बेचने जा रहे थे। महेश ट्रैक्टर-ट्रॉली चला रहा था। राधास्वामी सत्संग आश्रम के पास ऊंचाहार की तरफ जा रहा टैंकर अनियंत्रित होकर पीछे से ट्रैक्टर-ट्राली से टक्करा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
इससे ट्रैक्टर-ट्राॅली के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। अंकुल ट्रैक्टर-ट्रॉली से नीचे गिर गया। टैंकर उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया। इससे पहले कि आसपास के लोग अंकुल को सीएचसी पहुंचाते, उनकी मौत हो गई। डिडौली गांव के पास चालक टैंकर छोड़कर भाग खड़ा हुआ। हरचंदपुर थाना प्रभारी हरिकेश सिंह ने बताया कि हादसे की जांच कराई जा रही है। टैंकर को कब्जे में लिया गया है।
घर में इकलौता कमाने वाला था अंकुल
श्रमिक अंकुल अपने घर में इकलौता कमाने वाला था। अंकुल की मौत से परिजनों में रोना पीटना मचा है। प्रत्यक्षदर्शी रामकिशोर, दिनेश चौधरी बताते हैं कि टैंकर की रफ्तार तेज थी। आगे ट्रैरक्टर-ट्रॉली चल रही थी। टैंकर अनियंत्रित होकर टक्कर मार दी। इससे हादसा हो गया। पुलिस का कहना है कि चालक की तलाश की जा रही है।