रायबरेली में सोमवार को जिला अस्पताल में दवा काउंटर पर लगी भीड़।
- फोटो : RAIBARAILY
रायबरेली। जिले में डेंगू, एईएस, जेई के कहर के बीच स्वाइन फ्लू ने भी पांव पसारना शुरू कर दिया है। स्वाइन फ्लू के तीन केस मिले हैं। मरीजों का लखनऊ के अस्पतालों में इलाज चल रहा है। जिले में अब तक डेंगू के 66, एईएस के 26 व जेई के दो मरीज मिल चुके हैं। चिकनगुनिया और स्क्रब टाइफस का खतरा का भी खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को मच्छरों से बचाने के लिए कठोर कदम नहीं उठाए गए हैं।
जिले में मच्छरों से होने वाली बीमारियों ने पूरी तरह से पांव पसार दिया है। एक्यूट इंसेफ्लाइटिस सिंडोम के 26 मरीज मिल चुके हैं। जापानी इंसेफ्लाइटिस के भी दो दिन पहले दो मरीज मिले। सबसे अधिक डेंगू का डंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक 66 लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि डेंगू के मरीजों की संख्या 100 के पार पहुंच चुकी है। सिर्फ एलाइजा टेस्ट में डेंगू के पुष्टि होने का इंतजार है।
लखनऊ के अस्पतालों में भर्ती कराए गए तीन मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। मरीजों का इलाज चल रहा है। मंगलवार को कार्यालय खुलने के बाद मरीजों के घर स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीमें जांच व परिजनों के इलाज के लिए पहुंचेंगी। सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सीजन में बदलाव के कारण मच्छरजनित रोगों का खतरा बढ़ा है। डेंगू, एईएस, जेई, स्वाइन फ्लू को देखते हुए सभी सीएचसी को अलर्ट किया गया है। लोग लक्षण प्रतीत होने पर चिकित्सीय सलाह के साथ ही जांच जरूर कराएं।
जिला अस्पताल सहित सीएचसी और पीएचसी की ओपीडी में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। एक ओर जहां अस्पतालों में मरीज बढ़े हैं, वहीं कॉर्पोरेशन से दवाओं की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण दवाओं का संकट बढ़ गया है। ऐसे में मरीजों को बाजार से दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में 1800 से लेकर दो हजार तक रोजाना मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। इसमें आधे से अधिक जुकाम और बुखार के मरीज आ रहे हैं।
जिले में संक्रमितों की स्थिति
बीमारी मरीजों की संख्या
स्वाइन फ्लू 03
डेंगू 66
एईएस 26
जेई 02
मलेरिया 02
स्क्रब टाइफस 02
चिकनगुनिया 01
जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सलीम ने बताया कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। लक्षण दिखते ही जांच कराएं। मास्क का प्रयोग कर रेस्पेरेटरी से संबंधित सभी बीमारियों को रोका जा सकता है।