ऊंचाहार थाना क्षेत्र में मंगलवार को स्नातक की परीक्षा देेने के बाद बहन के घर जा रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। चालक गाड़ी लेकर मौके से भाग गया।
फतेहपुर जिले के खखेरू थाना क्षेत्र के जहांगीर नगर किसुनदासपुर जगतपाल पांडेय के बेटे विकास कुमार (20) ऊंचाहार के गंगौली गांव स्थित एक निजी कॉलेज मे परीक्षा देने आया था। वह बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। विकास की बहन ऊंचाहार के खुर्रमपुर गाव में ब्याही है।
विकास बहन के पास रहकर परीक्षा दे रहा था। मंगलवार को सुबह की पाली में उसका हिंदी द्वितीय प्रश्न पत्र का पेपर था। करीब 10 बजे वह बाइक से परीक्षा देकर अपनी बहन के घर जा रहा था कि कबीर बाबा चौराहा के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास के लोगों ने उसे तुरंत सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर दशा को देखते हुए छात्र को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। जिला चिकित्सालय में पहुँचते ही उसकी मौत हो गई। थानेदार परशुराम त्रिपाठी का कहना तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
ऊंचाहार थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चार छात्र घायल हो गए। इसमें एक छात्र की हालत गंभीर है। ऊंचाहार के एक निजी स्कूल के बच्चों को लेकर एक टैंपो स्कूल जा रहा था। जमुनापुर चौराहा के निकट यह टेम्पो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे टेम्पो में सवार चार छात्र घायल हो गए।
घायल तीन छात्रों को पास के एक निजी चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल छात्र करन पुत्र भानु प्रताप को एनटीपीसी चिकित्सालय लाया गया, जहा प्राथमिक उपचार के बाद उसको जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानेदार परशुराम त्रिपाठी का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
उधर जगतपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को ट्रक और कार में भिड़ंत हो गई। इससे ट्रक जहां पलट गया, वहीं कार क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में ट्रक के चालक-खलासी घायल हो गए। जगतपुर कस्बे के पास राख भरे ट्रक और कार में एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में भिड़ंत हो गई।
इससे ट्रक पलट गया। वहीं कार क्षतिग्रस्त हो गई। थानेदार अशोक त्रिपाठी का कहना है कि ट्रक के चालक-खलासी घायल हुए थे। वहीं कार चालक बाल-बाल बच गया। वहीं घर से दवा लेने जा रहे एक बुजुर्ग को पिकअप ने टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गये।
राहगीरों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। कैलाशपुर मजरे कोटवा मदनियां गांव निवासी हरीनाथ 65 वर्ष साइकिल से चन्दापुर दवा लेने जा रहे थे। चन्दापुर की तरफ से आ रही पिकअप ने सधई के पुरवा गांव के पास जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गये।