बछरावां (रायबरेली)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय शेषपुर समोधा में भरपेट व समय से भोजन न मिलने पर बुधवार को छात्रों का गुस्सा भड़क गया। स्कूल में प्रदर्शन करने के बाद सभी ने बछरावां कस्बे में पहुंचकर हंगामा किया। प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करके समय से भोजन दिलाने की मांग की।
स्थिति गंभीर होने पर एसडीएम व सीओ मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाया। समाज कल्याण अधिकारी ने भी भोजन उपलब्ध कराने वाली संस्था के खिलाफ कार्रवाई का वादा किया तो छात्रों का गुस्सा शांत हुआ। कई घंटे चले हंगामे से अफरातफरी का माहौल है।
शेषपुर समोधा स्कूल में बुधवार रात छात्रों को भोजन परोसा गया। रात में स्कूल में करीब 300 छात्र थे। भोजन कम पड़ जाने के कारण तमाम छात्रों को आधे पेट ही सोना पड़ा। हालांकि छात्रों ने रात में ही भोजन न मिलने पर नाराजगी जताई, लेकिन सुबह जल्द ही भोजन उपलब्ध कराने के आश्वासन के बाद गुस्सा शांत हो गया।
गुरुवार सुबह भी भोजन मिलने में काफी देरी हो गई। ऐसे में छात्रों को खाली पेट रहना पड़ा। छात्रों ने पहले स्कूल में हंगामा किया, लेकिन बात न बनने पर डीएम से शिकायत के लिए निकल पड़े। छात्रों ने बछरावां पहुंचकर हाईवे पर हंगामा करना शुरू कर दिया। उन्हें समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन गुस्सा न थमने पर एसडीएम विनय कुमार सिंह व सीओ महराजगंज विनीत सिंह मौके पर पहुंचे और बच्चों को समझाया।
समाज कल्याण अधिकारी आरसी दुबे ने भी छात्रों को समय से भोजन दिलाने का आश्वासन दिया। काफी समझाने बुझाने के बाद छात्रों का गुस्सा शांत हुआ। विद्यालय के अधीक्षक रामबरन यादव ने बताया कि रात के खाने में सब्जी कम पड़ गई थी, जिससे बच्चे नाराज हो गए। संस्था को कई बार निर्देश दिए गए, लेकिन कोई सुधार नहीं आया।
घटिया भोजन देने पर पहले ही भुगतान में कटौती के आदेश
जांच में मेन्यू के हिसाब से भोजन न देने और घटिया भोजन उपलब्ध कराने की पुष्टि होने के बाद डीएम नेहा शर्मा ने सूर्या चैरिटेबल एवं वेलफेयर सोसायटी बुद्धपुर 231 जीटी रोड करनाल नई दिल्ली के भुगतान में कटौती करने के आदेश तीन दिन पहले ही दिए थे।
नाश्ते दूध, नमकीन, दलिया, मौसमी फल और भोजन में दाल, चावल, रोटी, मीठा आदि देने के आदेश हैं, लेकिन संस्था की ओर से भोजन में रोजाना कटौती की जा रही है। बार-बार नोटिस देने के बाद भी संस्था बच्चों को भोजन देने में मनमानी कर रही है।
विद्यालय में छात्र-छात्राओं को भोजन व नाश्ता मुहैया कराने की जिम्मेदारी सूर्या चैरिटेबल एवं वेलफेयर सोसायटी को मिली है। संस्था के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम की ओर से पत्र भेजा गया है। गुरुवार को भी भोजन कम पड़ने पर बच्चे नाराज हुए हैं।
-आरसी दुबे, जिला समाज कल्याण अधिकारी