अंधविश्वास में छात्र सत्यम यादव को मौत के घाट उतारा गया। एक महिला तांत्रिक के घर की शुद्धि करने की बात पर मामा-भांजे ने मिलकर छात्र की हत्या की थी। पुलिस ने गुरुवार को इस ब्लाइंड मर्डर केस के खुलासे का दावा किया है। पुलिस ने भांजे को दबोच लिया, जबकि मामा अभी सलाखों से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।
बताते हैं कि आरोपी मृतक के परिजनों का बहुत करीबी था। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के पूरे शुक्लन मजरे सोंडासी गांव में बीती 15 दिसंबर को कक्षा दो में पढ़ने वाले छात्र सत्यम यादव की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू की थी। पुलिस ने गुरुवार को घटना का खुलासा कर दिया।
कोतवाली प्रभारी सज्जाद हुसैन के मुताबिक, गांव के ही गनेश यादव को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका मामा रामकुमार निवासी महाखेड़ा मजरे लालगंज फरार है। उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी गनेश की मां का बीते अगस्त में निधन हो गया था। सरेनी की एक महिला तांत्रिक ने गनेश से कहा था कि उसके घर का चलावा (झाड़फूंक) कर दिया गया है। घर की शुद्धि करनी पड़ेगी। इसलिए वह किसी बच्चे की बलि दे दे। इसी के तहत गनेश ने घटना को अंजाम देने की योजना बनाई, जिसमें उसके मामा ने भी सहयोग किया।
घटना वाले दिन मृतक शौच पर गया था, जहां से उसका अपहरण कर लिया। गांव के बाहर ही आरोपी गनेश का नलकूप है। बच्चे को नलकूप पर ले जाया गया, जहां उसकी हत्या करके सरसों के खेत में फेंक दिया था। कोतवाल ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। मामा जल्द दबोचा जाएगा।
मामा ने कुल्हाड़ी से किया था वार
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी ने बताया कि उसके मामा ने कुल्हाड़ी से वार करके छात्र की हत्या की थी। बताया कि पहले छात्र का गला दबाया गया था। मामा ने उसे घर भेजकर कुल्हाड़ी मंगाई, ताकि कहीं छात्र जिंदा न रह जाए। इस पर मामा ने कुल्हाड़ी से वार करके उस मौत के घाट उतार दिया। खास बात ये रही कि हत्या के बाद आरोपियों ने छात्र के शव को अपने ही खेत में फेंका, ताकि किसी को शक न हो सके।
महिला तांत्रिक को क्यों नहीं पकड़ा
पुलिस ने भांजे को जेल भेज दिया है, जबकि मामा की तलाश है। वहीं महिला तांत्रिक के खिलाफ न तो एफआईआर लिखी है और न ही गिरफ्तारी। इससे लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि महिला तांत्रिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।