खीरों (रायबरेली)। जगतपुर रामगढ़ी गांव निवासी प्रांशु यादव (20) खीरों कस्बे के एक महाविद्यालय में बीए फाइनल के छात्र थे। सुबह घर से वह परीक्षा फार्म भरने के लिए अपने दोस्त बनईमऊ गांव निवासी योगेश कुमार यादव (20) के साथ निकले। फार्म भरने के बाद दोनों दो बजे बाइक से सेमरी चौराहे की तरफ जा रहे थे।
उदवतपुर गांव के पास अज्ञात वाहन से बाइक टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से गुजर रहे सेमरी चौकी इंचार्ज कुलदीप सिंह ने दोनों को सीएचसी खीरों पहुंचाया, जहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रांशु को मृत घोषित कर दिया। बाइक प्रांशु चला रहे थे और हेलमेट लगाए थे।
प्रांशु यादव की मौत से पिता मुरारी यादव, मां शांती, बड़े भाई राहुल समेत अन्य परिवारीजनों का हाल बेहाल है। घायल योगेश कुमार का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।