ऊंचाहार। प्रयागराज से गोरखपुर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर मंगलवार को एक बार फिर पथराव हुआ है। घटना ऊंचाहार व रामचौरा रोड स्टेशन के बीच की है। पत्थर लगने से ट्रेन का शीशा चिटक गया है। सूचना के बाद आरपीएफ मामले की जांच कर रही है।
गोरखपुर - प्रयागराज के बीच हफ्ते में छह दिन वंदे भारत ट्रेन चलती है। मंगलवार को ट्रेन प्रयागराज से वापस गोरखपुर जा रही थी। इस दौरान रास्ते में अराजकतत्वों ने उस पर पथराव कर दिया। पत्थर लगने से सी-4 कोच की खिड़की का शीशा चिटक गया। गनीमत रही कि पत्थर ट्रेन के अंदर नहीं गया। इसकी जानकारी होने पर लोको पायलट ने कंट्रोल रूम को सूचना दी और रायबरेली स्टेशन पर घटना का मेमो भी दिया।
सूचना के बाद रेलवे पुलिस बल सक्रिय हो गया। पत्थरबाजी किस स्थान पर हुई है, इसकी सही जानकारी लोको पायलट को नहीं हो पाई है। इसके लिए आरपीएफ ने गोरखपुर से ट्रेन का सीसीटीवी फुटेज मंगाने की प्रकिया शुरू की है। ऊंचाहार आरपीएफ थाना प्रभारी एसके सिंह ने बताया कि घटना ऊंचाहार क्षेत्र में नहीं हुई है। घटनास्थल की जांच की जा रही है। जांच के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।