रायबरेली। रायबरेली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (आरडीसीए) की ओर से बुधवार को भी मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में जिला स्तरीय ट्रायल कराया गया। सुबह 9 बजे से उत्तर प्रदेश की अंडर-14 टीम के लिए ट्रॉयल हुआ, जिसमें पूरे जिले से आए 112 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सभी खिलाड़ियों ने ट्रॉयल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों का चयन करने के लिए पूर्व रणजी खिलाड़ी एवं उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के चयनकर्ता उबैद कमाल के नेतृत्व वाली समिति यहां आई है। उबैद कमाल ने बताया कि जल्दी ही चयनित खिलाड़ियों की सूची जारी की जाएगी। आधुनिक रेल कोच फैक्टरी, लालगंज के सहायक कार्य प्रबंधक किरन पाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
दोपहर में उत्तर प्रदेश की अंडर-23 टीम के लिए भी जिला स्तरीय क्रिकेट ट्रॉयल कराया गया, जिसमें सभी पंजीकृत खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की क्षमता को परखा गया। आरडीसीए के सचिव एवं यूपीसीए के संयुक्त सचिव मोहम्मद फहीम ने बताया कि ट्रॉयल के मौके पर क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक प्रिंस रियासत अली पर्यवेक्षण के लिए पहुंचे।