रायबरेली। रायबरेली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (आरडीसीए) की ओर से आयोजित अंडर-19 चैलेंजर ट्रॉफी जिला क्रिकेट लीग में नौवें दिन शुक्रवार को दोनों मैच बारिश की वजह से रद्द कर दिए गए। अब तक हुए लीग में मिले अंकों के आधार पर आरडीसीए यलो और आरडीसीए ब्लू की टीमों ने फाइनल में जगह बना ली है।
शुक्रवार को पहला मैच आरडीसीए ब्लू और आरडीसीए ग्रीन के बीच एफजीआईईटी ग्राउंड पर होना था, लेकिन बारिश की वजह से मैदान की स्थिति ठीक न होने के कारण अंपायरों ने मैच रद्द कर दिया।
इसी क्रम में दूसरा मैच आरडीसीए व्हाइट एवं आरडीसीए पिंक के बीच खेला गया। टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पिंक टीम ने धनंजय सिंह के 36 रनों की मदद से 32 ओवर में 153 रन बनाए। जवाब में उतरी व्हाइट टीम महज दो ओवर खेल पाई और बारिश होने लगी। अंपायरों ने मैच को रद्द करने का निर्णय लिया।
आयोजन सचिव यूसी काला ने बताया कि लीग के नियमानुसार दोनों टीमों को एक-एक पॉइंट देने का निर्णय लिया गया। लीग के पॉइट टेबल के अनुसार आरडीसीए येलो और आरडीसीए ब्लू ने फाइनल में जगह बना ली है।
लीग का फाइनल 6 फरवरी को एफजीआईईटी ग्राउंड पर होना था, लेकिन इस मैच को अग्रिम सूचना तक स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि लीग में छह टीमें शामिल हैं, जिनमें यलो को आठ, ब्लू को सात, रेड को छह, व्हाइट को पांच, पिंक को तीन और ग्रीन टीम को एक अंक मिला है।