रायबरेली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से देश के सात शहरों में 10 जनवरी से मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता होगी, जिसमें इस जिले के क्रिकेट खिलाड़ी समर्थ सिंह भी हिस्सा लेंगे। समर्थ का चयन उत्तर प्रदेश की टी-20 टीम में हो गया है।
उत्तर प्रदेश की टी-20 टीम में चयनित हुए रायबरेली जिले के खिलाड़ी समर्थ सिंह 10 जनवरी से बंगलूरू में शुरू हो रही मुश्ताक अली ट्रॉफी में हिस्सा लेंगे। वह उत्तर प्रदेश की टीम की ओर से पंजाब के विरुद्ध अपना पहला मैच खेलेंगे।
रायबरेली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (आरडीसीए) के सचिव एवं उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के संयुक्त सचिव मोहम्मद फहीम ने बताया कि समर्थ का चयन बल्लेबाज के रूप में हुआ है। वह दाएं हाथ के आक्रामक ओपनिंग बल्लेबाज हैं। साथ ही अच्छे क्षेत्ररक्षक भी हैं। समर्थ सिंह के चयन से जिले के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और मनोबल बढ़ेगा।