फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंत्री सुरेश प्रभु ने रिमोट से किया स्पाइस पार्क का उद्घाटन

Fri, 22 Feb 2019 10:48 PM IST
rajni rajni अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन

रायबरेली। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र में स्पाइस पार्क का उद्घाटन शुक्रवार को दिल्ली में बैठे केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ने रिमोट से किया, जबकि यहां पर विधान परिषद सदस्य दिनेश प्रताप सिंह ने फीता काटकर औपचारिक उद्घाटन किया। दूसरी तरफ कांग्रेसियों ने इसका पुरजोर विरोध किया और स्पाइस पार्क के सामने धरना भी दिया।

विज्ञापन



स्पाइसेज बोर्ड से निर्मित इस स्पाइस पार्क के बारे में बोर्ड के सेक्रेट्री एस. सुंदरम ने बताया कि पार्क के शुरू होने से स्थानीय कच्चे माल का उपयोग होगा, जिसका सीधा लाभ क्षेत्रीय किसानों के अलावा आसपास के लोगों को भी मिलेगा।


यहां हुए औपचारिक उद्घाटन कार्यक्रम में जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कहा कि स्पाइस पार्क के शुरू होने से क्षेत्रीय किसानों को सीधे मुनाफा मिलेगा। साथ ही क्षेत्र का विकास तेज गति से होगा। एमएलसी ने कहा कि औद्योगिक खेती करने वाले किसानों को पूरा लाभ मिलेगा।
विज्ञापन



किसानों को अपना माल बेचने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पडे़गा। साथ ही किसानों को उनकी उपज का पूरा लाभ मिलेगा। इस अवसर पर डा. जॉन जे. वर्गीश, राजेश शर्मा, रमेश नायक, हिमांशु आदि उपस्थित रहे।


उधर, कांग्रेस खेतिहर मजदूर किसान विभाग के जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में स्पाइस पार्क गेट पर धरना प्रदर्शन किया गया। श्री सिंह ने कहा कि स्पाइस पार्क जिले के किसानों के लिए सांसद सोनिया गांधी का तोहफा है।


सही मायने में इसका उद्घाटन सांसद को करना था, लेकिन भाजपा ने आनन-फानन इसका उद्घाटन दिल्ली में बैठे मंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए करके किसानों का अपमान किया है।


तीन साल से खड़े इस प्रोजेक्ट को महज इसलिए अब तक रोका गया, ताकि लोकसभा चुनाव के समय इसका लाभ लिया जा सके। कार्यक्रम के लिए किसानों तक को जानकारी नहीं दी गई। धरने में प्रफुल्ल पाठक, अवधेश चौधरी, रज्जन मिश्र, धर्मेंद्र चौधरी, रमाकांत सिंह, कमल यादव, अनुज सिंह, विवेक सिंह, दिलीप तिवारी आदि मौजूद रहे।

राष्ट्रीय पासी सेना के अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता संजय पासी ने अपने समर्थकों के साथ स्पाइस पार्क पहुंचकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के प्रयासों से इस पार्क का निर्माण कराया गया, जिसका श्रेय भाजपाई लेना चाह रहे हैं।


विरोध को देखते हुए उद्घाटन के समय भाजपाई तो चले गए, लेकिन प्रशासनिक अफसरों ने कार्यक्रम की औपचारिकता पूरी कराई। विरोध प्रदर्शन में सुरेंद्र बहादुर, जगजीवन भारती, अकबर अली, राम जियावन पासी, कल्लू पटेल, रोशन वर्मा, रमाकांत मिश्र, धर्मेंद्र पटेल, रामलखन लोधी, कृपाशंकर शुक्ला, जयकांत सिंह, गंगाराम पासी आदि मौजूद रहे।

15 करोड़ की लागत से बना स्पाइस पार्क
रायबरेली। हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के कुंदनगंज में स्थापित स्पाइस पार्क को लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से खड़ा किया गया है। करीब 11.60 एकड़ भूमि पर इस पार्क को स्पाइस बोर्ड ने विकसित किया। स्पाइस बोर्ड के सेक्रेट्री डॉ. एस सुंदरम ने बताया कि पार्क का लाभ जिले के किसानों को मिलेगा। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें