खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के बिजली उपकेंद्र खीरों के पास एक बेकाबू ट्रक ने विश्व बैंक फीडर की हाईटेंशन लाइन के बिजली के खंभों में टक्कर मार दी। टक्कर से एक के बाद एक 11 बिजली के पोल टूट गए। यही नहीं तार भी टूटकर जमीन पर गिर पड़े। इससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई।
हादसे के बाद तेज आवाज के साथ फीडर ट्रिप हो गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि आग लग जाती तो बिजली उपकेंद्र में तैनात कर्मियों की जान जा सकती थी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
विद्युत उपकेंद्र खीरों से निकले विश्व बैंक फीडर से हरीराम खेड़ा, उन्नत खेड़ा, गुलाब राय पुरवा, मौलवी का पुरवा, रघुनाथ खेड़ा, मेड़ौली, जुड़ावन का पुरवा, सेनी, जसमऊ, अखऊपुर, डोमैया, गणेशपुर, रमपुरवा, कमालपुर, मटिहन का पुरवा, तिवारी का पुरवा, गंगा खेड़ा, पासिन का पुरवा, अतरी, ढकवा का पुरवा समेत 20 गांवों की लगभग 25 हजार आबादी की विद्युत आपूर्ति होती है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तड़के करीब चार बजे एक ट्रक जेसीबी समेत अन्य सामान लादकर खीरों से निहत्था की ओर जा रहा था। जैसे ही वह विद्युत उपकेंद्र खीरों के पास पहुंचा, तभी ट्रक के ऊपर लदी जेसीबी हाईटेंशन लाइन के तार में फंस गई। इस दौरान लाइन के तारों में तेज स्पार्किंग होने लगी। जब तक चालक ट्रक रोकता, तब तक 11 विद्युत पोल तथा उनमें बंधे तार टूूटकर जमीन पर गिर गए।
उपखंड अधिकारी खीरों कैलाश यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे से विभाग को लगभग 1.10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बिजली के पोल और तार टूटने से 20 गांव की आपूर्ति ठप हो गई है। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। बिजली के पोल और तार मिलने पर जल्द आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।