वाहनों की तेज रफ्तार ने गुरुवार को एक छात्र और एक महिला की जान ले ली। मिल एरिया थाना क्षेत्र में रोड पार करते समय टेम्पो ने छात्र को रौंद दिया, वहीं डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में बाइक की टक्कर से पैदल जा रही महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार घायल हो गया।
घायल का सीएचसी में इलाज कराया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गढ़ी खास निवासी रामधनी मजदूरी करता है। उसका सात वर्षीय बेटा विशाल गांव के प्राथमिक स्कूल में पढ़ता था।
गुरुवार की दोपहर वह मिल एरिया थाना क्षेत्र के गढ़ी हरदासपुर गांव के पास रोड पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार टेम्पो ने उसे कुचल दिया।
उधर से गुजर रहे राहगीरों ने खून से लथपथ बालक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से देर शाम उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया था। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद चालक टेम्पो छोड़कर भाग निकला। एसओ मिल एरिया अरुण शुक्ला का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट होगी।
उधर, डलमऊ के डालबाल गांव निवासी जगदेई (60) खरीदारी करने के लिए मुराईबाग गई थी। वहां से लौटते समय मकनपुर रोड पर नेवाजगंज गांव के पास सामने से आए बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गई।
बाइक सवार को भी चोटें आईं। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। महिला को डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि बाइक सवार इलाज कराकर घर चला गया।
जिला अस्पताल से लखनऊ ले जाते समय महिला ने दम तोड़ दिया। कोतवाल एसपी उपाध्याय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।