रायबरेली। गर्मी की छुट्टियां अगले महीने शुरू हो जाएंगी। बच्चे छुट्टी मनाने के लिए परिवार के साथ अपने नाना-नानी, दादा-दादी या पैतृक गांव जाना चाहते हैं। ऐसे में अभी से योजना बना रहे हैं और यात्रा के लिए सीटें आरक्षित कर रहे हैं। प्रमुख रूटों की नियमित ट्रेनों में सीटें भरती जा रही हैं। भीड़ बढ़ने पर सीट मिलना मुश्किल हो जाएगा। यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे ने अलग-अलग रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। हाल ही में सात स्पेशल ट्रेनों की समय सारिणी जारी हुई है, जिसमें एक स्पेशल ट्रेन रायबरेली जिले के रास्ते वाराणसी और दिल्ली के बीच दौड़ेगी, जो 38 दिन चलाई जाएगी।
वाराणसी से दिल्ली के लिए समर स्पेशल ट्रेन पहले चरण में 15 अप्रैल से 20 मई तक और दूसरे चरण में 27 मई से 15 जुलाई तक रोजाना चलेगी। वाराणसी से यह ट्रेन रात 10:15 बजे रवाना होगी और दोपहर 1:30 बजे दिल्ली पहुंच जाएगी। रायबरेली में यह गाड़ी रात 1:25 बजे आएगी और दो मिनट रुकेगी। इसी तरह दिल्ली से स्पेशल ट्रेन पहले चरण में 16 अप्रैल से 21 मई तक और दूसरे चरण में 28 मई से 16 जुलाई तक रोजाना दौड़ेगी। दिल्ली से यह ट्रेन शाम 7:25 बजे रवाना होगी और सुबह 9:50 बजे वाराणसी पहुंचेगी। रायबरेली में यह ट्रेन सुबह 5:13 बजे आएगी और दो मिनट रुकेगी।
इस ट्रेन से रायबरेली के लोग दिल्ली या बनारस रूट पर अपनी यात्रा कर सकेंगे। छुट्टियां मनाने के बाद लौट भी सकेंगे। इस ट्रेन में 18 कोच लगेंगे, जिससे यात्रियों को सीट मिलने की संभावना बनी रहेगी। रास्ते में यह ट्रेन प्रतापगढ़, लखनऊ, आलम नगर, हरदोई, रामपुर, मुरादाबाद, हापुड़ और गाजियाबाद में भी रुकेगी। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि दिल्ली और वाराणसी के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने की समय सारिणी जारी हो चुकी है। इससे यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से करेंगे ज्योतिर्लिंग के दर्शन
रायबरेली। इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) ने गोरखपुर से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन चलाने का फैसला लिए है। इस ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को उज्जैन में महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, गुजरात में द्वारकाधीश, भेंट द्वारका, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, सिग्नेचर ब्रिज, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, नासिक में त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, पंचवटी, कालाराम मंदिर, भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग, संभाजीनगर में घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं स्थानीय मंदिरों में दर्शन कराएगी। आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि 27 अप्रैल को ट्रेन रवाना होगी और 8 मई को यात्रा पूरी करके लौट आएगी। यात्रियों को गोरखपुर, मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, झांसी, ललितपुर स्टेशनों से बैठने की सुविधा मिलेगी।