रायबरेली। बछरावां कस्बे में थाने के पास जाम लगा था। तभी उधर से गुजर रहे पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. यशवीर सिंह जाम में फंस गए। उन्हें मौके पर पुलिसकर्मी नहीं दिखे। इस पर उन्होंने मौके से ही वायरलेस करके थाना प्रभारी पंकज कुमार त्यागी को लाइन हाजिर कर दिया।
महराजगंज कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को लूट की घटना हुई थी। एसपी घटनास्थल का जायजा लेने के बाद वापस जिला मुख्यालय लौट रहे थे। दोपहर करीब एक बजे लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर बछरावां थाने के पास सड़क के किनारे गुमटियों के रखे जाने की वजह से जाम लगा था। उमस भरी गर्मी में लोग जाम में परेशान थे।
एसपी ने तत्काल गाड़ी में बैठे ही वायरलेस करके थाना प्रभारी को लाइन हाजिर करने का आदेश दे दिया। एसपी ने बताया कि कई बार थाना प्रभारी को थाने के सामने से गुमटियां हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद ध्यान नहीं दिया। नए थाना प्रभारी की जल्द तैनाती की जाएगी।