मोहनगंज थाना क्षेत्र में सोमवार की रात भाई के साथ सो रहे एक बालक को सांप ने डस लिया। घटना के बाद उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां पर कोई चिकित्सक न मिलने पर जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घटना से ग्रामीणों और पीड़ित परिवारीजनों में जबरदस्त नाराजगी है। फूला गांव निवासी इकबाल का नौ वर्षीय पुत्र अरदाज गांव के ही एक निजी विद्यालय में कक्षा पांच में पढ़ता था।
रात में वह बड़े भाई अफजल के साथ तखत पर सो रहा था। इसी दौरान अरदाज के कान में सांप ने डस लिया। भाई ने बिस्तर को झटका तो सांप बाहर गिरा। अस्पताल में डॉक्टरों के न मिलने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
इस बाबत सीएचसी अधीक्षक एसएन राय ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। शिकायत मिली तो जांच कराकर दोषी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।