रायबरेली। शहर की अलीमियां कॉलोनी में पिछले सप्ताह संक्रमित मिले युवक की आठ साल की बेटी समेत परिवार के तीन लोगों की कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। संक्रमित मरीज की दूसरी बेटी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके अलावा शहर के ही तेलियाकोट की एक महिला भी संक्रमित मिली है। रिपोर्ट आने के बाद दोनों मोहल्लों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। बैरिकेडिंग करके मोहल्लों में बाहरी लोगों के प्रवेश को प्रतिबंधित कर दिया गया है। देर शाम आई रिपोर्ट के अनुसार एक-एक मरीज डीह और नसीराबाद में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
शहर की अलीमियां कॉलोनी के रहने वाले एक युवक में कोरोना की पुष्टि हुई थी। मुंबई से आने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती करके उसकी बेटियों व परिवार के लोगों को एलपीएस स्कूल के क्वारंटीन सेंटर में भर्ती कराकर सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। शुक्रवार को एसजीपीजीआई लखनऊ से रिपोर्ट आ गई। संक्रमित मरीज की आठ साल की बेटी संक्रमित मिली है जबकि दूसरी बेटी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। परिवार के ही दंपती की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सभी को रॉयन स्कूल के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
शहर की तेलियाकोट कालोनी की एक महिला ने निजी पैथालॉजी से कोरोना की जांच कराई। उसकी रिपोर्ट भी शुक्रवार को आ गई। महिला में कोरोना की पुष्टि होने के बाद उसे भी रॉयन स्कूल में भर्ती कराकर मोहल्ले को सील कर दिया गया है। महिला के संपर्क में आए लोगों को भी चिह्नित करके क्वारंटीन में भेजा जा रहा है। मोहल्लों में सैनिटाइजेशन और लोगों की सेहत जांचने का काम भी शुरू करा दिया गया है।
शुक्रवार को एक ही दिन में कोरोना संक्रमित 15 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आ गई। इनमें से दो मरीज लखनऊ के लेवल-2 हॉस्पिटल में इलाज के दौरान स्वस्थ हुए हैं। कोरोना को मात देने वाले मरीजों में देवानंदपुर के सगे भाई-बहन के अलावा मां व तीन बेटे भी शामिल हैं। नसीराबाद क्षेत्र का एक दंपती भी कोरोना से जंग जीत गया। शहर के देवानंदपुर में 11 दिन पहले 10 लोग एक साथ कोरोना संक्रमित पाए गए थे।
शुक्रवार को आई रिपोर्ट में देवानंदपुर के सभी मरीज स्वस्थ हो गए। दो साल के मासूम समेत चार लोग गुरुवार को स्वस्थ हो चुके हैं। नसीराबाद के दंपती की रिपोर्ट भी निगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। शुक्रवार को एक-एक करके जिले में कोरोना के 15 मरीज स्वस्थ हो गए। सभी मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज करके घर भेज दिया गया है।
सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमित चार और मरीज मिले हैं। मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही 15 संक्रमित मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सभी को डिस्चार्ज करा दिया गया है। रॉयन स्कूल में 11 मरीज शेष बचे हैं। जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 20 है।