राही (रायबरेली)। भदोखर थाना क्षेत्र के झकरासी गांव में रंजिश को लेकर दबंगों ने घर में घुसकर पिटाई कर दी। कुल्हाड़ी और फरसे से वार किया। किसी का सिर फट गया तो किसी का हाथ टूट गया। सभी घायलों को सीएचसी में मेडिकल कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और न ही एफआईआर दर्ज की। पीड़ित ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि ग्राम प्रधान रामरानी से जमीन का विवाद चल रहा है। इसी को लेकर सोमवार को विपक्षियों ने हमला कर दिया। इससे मुकेश कुमार शर्मा के अलावा हरीशंकर, शिवरानी, संतोष कुमारी, योगेश कुमार, रजनी घायल हुई।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी बेलाभेला ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मुकेश ने प्रधान के अलावा अरुण कुमार यादव, अखिलेश, बृजेश, राजेश, राम, रामसनेही के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि तहरीर मिली है। शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।