फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: मुठभेड़ में छह बदमाश गिरफ्तार

Sat, 13 Dec 2025 01:47 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
ऊंचाहार में किसान के साथ लूट करने वाले गिरफ्तार आरोपी।
विज्ञापन
रायबरेली। किसान दीन मोहम्मद के साथ लूट के मामले में शुक्रवार भोर चार बजे पुलिस मुठभेड़ में छह बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पूछताछ में पता चला कि बदमाश किसान के साथी हैं।
विज्ञापन


पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. यशवीर सिंह के मुताबिक बीते नौ दिसंबर को गदागंज थाना क्षेत्र के गढ़ी मनिहर निवासी किसान दीन मोहम्मद से एक लाख 10 हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया गया था। रात करीब एक बजे मुखबिर से सूचना मिली कि बदमाश लूटे गए रुपये का बंटवारा कर रहे हैं। साथ ही अन्य किसी घटना के फिराक में हैं। इस पर ऊंचाहार कोतवाली प्रभारी अजय कुमार राय ने टीम के साथ एनटीपीसी परियोजना के निकट शारदा सहायक नहर की पटरी पर मोखरा गांव के पास बदमाशों की घेराबंदी की।

एसपी के मुताबिक पुलिस से घिरा होने पर बदमाशों की तरफ से दो राउंड फायरिंग की गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के गंगश्री गांव निवासी आशीष पासी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज कराया। इस दौरान पुलिस ने ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के हसनगंज निवासी ऋषभ, पट्टी रहस कैथवल गांव के उत्तम उपाध्याय, सवैया राजे गांव निवासी संदीप के अलावा गदागंज क्षेत्र के मनिहरशर्की गांव निवासी मुकेश पाल और प्रियांशु को गिरफ्तार किया।
विज्ञापन


बदमाशों के पास से घटना में प्रयुक्त बाइक के अलावा 90 हजार नकदी, तीन मोबाइल, एक पिस्टल व एक तमंचा बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि पीडि़त किसान ने एक लाख 10 हजार रुपये में अपना ट्रैक्टर आरोपी मुकेशपाल के माध्यम से गिरवी रखकर रुपये उधार लिए थे। मुकेश पाल को लालच आ गया और उसने साथियों के साथ किसान के साथ लूट की साजिश रची। साजिश के तहत बदमाशों ने किसान से नकदी लूट ली थी। एसपी ने बताया कि बदमाशों के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। सभी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई कराई जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें