रायबरेली। भदोखर के गोसुवापुर गांव में रविवार रात हुई बालक की हत्या बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस की मानें तो आरोपी व किशोरी के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
वारदात वाले दिन प्रेमी प्रांशू की बहन से मिलने उसके घर आया था। इसी दौरान भाई ने उन्हें देख लिया था। मामला खुलने के डर से दोनों से उसे मौत के घाट उतार दिया। हालांकि अभी पुलिस ने मामले का खुलासा नहीं किया है।
सीओ सदर वंदना सिंह ने बताया कि गोसुवापुर गांव निवासी राजेश्वरी अपने मायके ऊंचाहार में थी। पिता इंद्रपाल ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करने बाहर गया हुआ था। घर पर सिर्फ प्रांशू (12) व उसकी बहन (16) थी।
सोमवार सुबह कच्ची कोठरी के अंदर बालक का शव मिला था। इस मामले में मां राजेश्वरी ने गांव के अंकित यादव, मौहारी का पुरवा मजरे बेलाखारा निवासी मनोज कुमार और दो अज्ञात लोगों पर हत्या करने का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने जब घटना की गहनता से जांच की तो मामला खुल गया।
जांच में पता चला कि जिन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी, उनका वारदात में हाथ नहीं है। सीओ ने बताया कि वारदात वाले दिन घर पर भाई-बहन अकेले थे। बहन का दूसरे गांव के एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। देर रात प्रेमी प्रांशू की बहन से मिलने उसके घर आ गया था। जांच में पता चला है कि प्रांशू ने दोनों को साथ देख लिया था।
मोबाइल की कॉल डिटेल से मिली मदद
पुलिस सूत्र बताते हैं कि वारदात में प्रांशू की बहन के बयान शुरू से ही शक पैदा कर रहे थे। उसने पूछताछ में बताया था कि वारदात से पहले उसे बेहोश कर दिया गया था। इस वजह से उसे पता नहीं चला कि कौन भाई की हत्या करके चला गया। इसके बाद पुलिस ने प्रांशू की बहन के मोबाइल की काॅल डिटेल खंगाली तो पता चला कि वारदात वाले दिन एक नंबर पर कई बार बात हुई थी। यह नंबर पड़ोसी गांव के एक युवक का था। इसके बाद पुलिस ने उस युवक को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। हालांकि अभी पुलिस ने वारदात का खुलासा नहीं किया है। पुलिस मामले में और तथ्य जुटा रही है।
परिजनों ने थाने पहुंचकर जताया आक्रोश
छात्र की हत्या के मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। वहीं छात्र की हत्या के पीछे की वजह उसकी बहन पर शक जताया जा रहा था। इससे मंगलवार को प्रांशू के परिजन आक्रोशित थे। उन्होंने थाने पहुंचकर आक्रोश जताया। हालांकि बाद में पुलिस ने सभी को समझाकर शांत करा दिया।
छात्र प्रांशू की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। जांच में बहन और उसके प्रेमी पर ही कत्ल करने की शक की सुई घूम रही है। जांच चल रही है। जल्द घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक