सलोन (रायबरेली)। दिल्ली जा रही बस में सीट को लेकर सलोन बाईपास के निकट बस चालक और उसके साथियों ने भाई-बहन को जमकर पीट दिया। उन्हें बचाने दौड़े लोगों को भी पीटकर अधमरा कर दिया। पांच घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जिसमेंं से एक की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सलोन कोतवाली के औनानीस निवासी आशु अपनी बहन सबिता को प्रतापगढ़ की मुस्कान ट्रैवल्स की बस से दिल्ली लेकर जा रहा था। आरोप है कि ऑनलाइन टिकट में पूरा भुगतान होने के बावजूद परिचालक ने पैसेंजर को सिर्फ एक सीट दी। विरोध करने पर बस चालक ने लहुरेपुर से अपने 15 से 20 अज्ञात बाइक सवार साथियों को बुला लिया।
इसके बाद भाई-बहन को बस से नीचे उतार कर बाईपास के निकट जमकर पीटा। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भाई-बहन को पीटते देख ग्रामीण बचाने दौड़े तो उन्हें भी जमकर पीटा गया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बस चालक गाड़ी लेकर भाग गया घायलों में अर्जुन पटेल, नन्हे लाल, मेवालाल, रंजीत, ओमपति को सीएचसी सलोन पहुंचाया गया। डॉ. अमित सचान ने बताया कि हालत नाजुक होने पर अर्जुन को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कोतवाल बृजेश राय ने बताया कि पीड़ित युवक आशू से तहरीर लेकर बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज जा रहा है।