गदागंज में शनिवार को हुए समाधान दिवस में लोगों की फरियाद सुनते अधिकारी।
रायबरेली। थाना और कोतवाली में शनिवार को समाधान दिवस आयोजित हुआ। बारिश के कारण फरियादियों की संख्या कम रही। जो लोग पहुंचे, उनमें से कई शिकायतों का निस्तारण नहीं होने पर मायूस होकर लौट गए। लालगंज के सेमरपहा गांव निवासी विनय कुमार बाजपेयी ने गांव के ही एक व्यक्ति पर विवादित भूमि पर बच्चे का शव दफनाने का आरोप लगाया। विरोध करने पर आरोपियों ने जानमाल की धमकी दी।
दीपेमऊ गांव निवासी विकास सिंह ने आबादी की जमीन से जबरन बेदखल करने की शिकायत की। समाधान दिवस में पांच शिकायतें आईं, जिसमें एक शिकायत का निस्तारण हो सका। गदागंज में नायब तहसीलदार डलमऊ वीरेंद्र सिंह और थाना प्रभारी बालेंदु गौतम ने लोगों की फरियाद सुनी। चार शिकायतों में से दो का निस्तारण किया गया।
गुरुबक्शगंज में समाधान दिवस में 10 शिकायतें आईं, जिनमें दो का निस्तारण किया गया। डलमऊ में एसडीएम प्रीति सिंह और क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी ने आठ लोगों की शिकायतें सुनीं। पूरे बिचला मजरे कनहा गांव निवासी सविता ने मकान पर कब्जे की शिकायत की। लंबित छह शिकायतों के निस्तारण के लिए टीम गठित की गई।
हरचंदपुर में उसमानपुर गांव की नवनीत वर्मा ने रास्ते को लेकर विवाद की शिकायत की। समाधान दिवस में तीन शिकायतें आईं, लेकिन एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। जगतपुर थाने में प्रभारी वागीश मिश्रा ने 12 लोगों की शिकायतें सुनीं। दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
ऊंचाहार में पूरे जीत मजरे कंदरावां निवासी तीरथ लाल ने भूमिधरी जमीन पर कब्जा करने की शिकायत की। कोटरा बहादुरगंज की लालमनी ने भूमिधरी जमीन पर बोई गई सब्जी की फसल जोतने का आरोप लगाया। समाधान दिवस में चार शिकायतें आईं, लेकिन मौके पर किसी का निस्तारण नहीं हो सका।