कलुवाखेड़ा में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी।
खीरों। ब्लॉक क्षेत्र के कलुवाखेड़ा मैदान में गुरुवार को जय मां संतोषी ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच खेला गया। इसमें शिवपुरी की टीम ने कोरिहर की टीम को चार विकेट से हराकर ट्राफी पर अपना कब्जा जमाया। विजेता व उप विजेता टीम को मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी खीरों शिव कुमार ने ट्राॅफी, मेडल देकर पुरस्कृत किया।
कोरिहर टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 16 ओवर में 105 रन बनाकर सभी खिलाड़ी आउट हो गए। टीम की ओर से आकाश ने 25, मोहित ने 22 रन बनाए, जबकि शिवपुरी के गेंदबाज वीरू ने चार और प्रशांत व विपिन ने दो-दो विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शिवपुरी टीम ने 15 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 106 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम की ओर से बल्लेबाज आशीष ने 32 रन , वीरू ने 25 रन ,आयुष ने 15 रन तथा इकलाख ने 12 रन बनाए। कोरिहर टीम के अभिलेख, पवन व अनस ने दो-दो विकेट हासिल किया। मैच में अंपायर की भूमिका मुकेश पासवान व हिमांशु और कमेंट्री गिरीश कुशवाहा ,राहुल मिश्रा ने निभाई। इस मौके पर रामशरण पांडेय, अशोक सिंह, टीपू यादव, पीर मोहम्मद, आत्माराम मौजूद रहे।