रायबरेली। अमेठी जिले के सिंहपुर विकास क्षेत्र के पूरे बैसन जैतपुर निवासी शिवेंद्र प्रताप सिंह ने एमएससी-एजी की प्रवेश परीक्षा यूपी कैटेट में 100वीं रैंक हासिल कर नाम रोशन किया है। इससे परिवारीजनों को बधाई देने वालों का तांता लगा है। पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
पूरे बैशन जैतपुर निवासी उन्नतिशील कृषक व ग्रामप्रधान अर्जुन सिंह भदौरिया के बेटे शिवेंद्र प्रताप सिंह ने कृषि परास्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए 19 अगस्त को हुई यूपी कैटेट परीक्षा में हिस्सा लेकर 100वीं रैंक हासिल की है। उसने लॉक डाउन के दौरान घर में ही रहकर यूपी कैटेट परीक्षा की तैयारी की थी। सेमरौता के ज्ञानदायिनी बाल मंदिर से जूनियर तक पढ़ाई की, फिर हैदरगढ़ स्थित ग्राम्यांचल इंटर कालेज से इंटर किया। औरैया स्थित अजीतमल जनता महाविद्यालय से बीएससी (एजी) के अंतिम सेमेस्टर में थे।
उनके पिता अर्जुन सिंह के मुताबिक यूपी कैटेट परीक्षा की तैयारियों को लेकर बेटा थोड़ा चिंतित था, फिर उसने घर पर रह कर ही तैयारी करने का फैसला लिया। उसके खेती, किसानी से बहुत प्यार है इसलिए उसने कृषि की पढ़ाई करने का फैसला लिया। शिवेंद्र की इस उपलब्धि पर उनके शिक्षक रहे शैलेंद्र वर्मा तथा ज्ञानदायिनी बाल विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य अरुण कुमार मिश्र ने भी खुशी जताई है। इसके अलावा आशीष मिश्र, रामप्रकाश पांडेय, जितेंद्र मिश्र, धर्मेश मिश्र, अभय विक्रम सिंह, रघुनाथ सिंह, अंकित मिश्र आदि ने भी हर्ष व्यक्त किया है।