रायबरेली। अभ्यर्थियों की भीड़ से भले ही यात्रियों को राहत मिल गई है लेकिन ट्रेनों की लेटलतीफी परेशान कर रही है। बृहस्पतिवार को भी यात्रियों को ट्रेनों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। पटना-फिरोजपुर स्पेशल साढ़े चार घंटे, भटिंडा-वाराणसी स्पेशल दो घंटे और वाराणसी-दिल्ली स्पेशल आधे घंटे देर से आई। प्रयागराज जाने वाली वंदेभारत करीब 20 मिनट और गोरखपुर लौटने वाली वंदेभारत करीब 10 मिनट लेट रही।
नियमित ट्रेनों में चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस ने ढाई घंटे, सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस ने सवा दो घंटे, दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस ने डेढ़ घंटे, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल ने सवा घंटे और देहरादून-बनारस जनता मेल, जम्मू तवी-पटना अर्चना एक्सप्रेस, प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस व प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस ने एक घंटे इंतजार कराया।
लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल व बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस पौन घंटे और टनकपुर-शक्ति नगर त्रिवेणी एक्सप्रेस आधे घंटे देर से पहुंची। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि सभी ट्रेनें पहले से लेट होने के कारण देर से आई हैं।