रायबरेली। जिले में रविवार को होने वाले जनता कर्फ्यू पर अपनी और दूसरों की सेहत का ख्याल रखने के साथ पुलिस सुरक्षा पर पैनी नजर रखेगी। अभी से पुलिस पूरी तरह से चौकन्ना हो गई है। शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में पुलिस कर्मियों को पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। खासकर चौराहों और बाजारों में किसी तरह की भीड़भाड़ न होने देने की बात कही गई है।
पुलिस कर्मियों को केरोना वायरस से बचाने के लिए उन्हें भी मास्क उपलब्ध कराया गया है। साथ ही कहीं पर केरोना वायरस से ग्रसित व्यक्ति की सूचना मिलने पर उसे स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अस्पताल पहुंचाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
केरोना वायरस को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जनता कर्फ्यू का ऐलान किया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस दिन लोग घरों में ही रहें। बहुत जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर आएं। जनता कर्फ्यू को देखते हुए पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी तरह की अनहोनी से निपटा जा सके।
एसपी स्वप्निल ममगाई की ओर से सीओ व थानेदारों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनता कर्फ्यू को लेकर अलर्ट रहें। लोगों से अपील करें कि वह घरों के अंदर ही रहें। ज्यादा जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर आएं। इस बात का ध्यान रखें कि किसी भी बाजार और चौराहे पर भीड़ न जुटने पाए।
इसके प्रति लोगों को जागरूक किया जाए। पुलिस कर्मियों को मास्क और सेनेटाइजर उपलब्ध करा दिया गया है। एसपी का कहना है कि रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन समेत शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर पुलिस पेट्रोलिंग के जरिए सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेगी।
जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के साथ ही पंपलेट के जरिए रायबरेली पुलिस लोगों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक कर रही है। रायबरेली पुलिस की ओर से पंपलेट छपवाए गए हैं। इस पंपलेट में कोरोना वायरस के लक्षण और बचाव के बारे में लिखा है। एसपी ने सीओ व थानेदारों को पंपलेट के जरिए लोगों को जागरूक किया।
भदोखर थानेदार राम आशीष उपाध्याय, मुंशीगंज चौकी इंचार्ज लक्ष्मी नारायण द्विवेदी ने मुंशीगंज कस्बे में लोगों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही रविवार को व्यापारियों से अपील की कि वे दुकानें बंद रखें और घरों के अंदर रहें। भीड़भाड़ से बचे। सलोन कोतवाल बृजमोहन सिंह ने भी कस्बे में लोगों को पंपलेट का वितरण किया।