ऊंचाहार (रायबरेली)। संविदाकर्मी को कान पकड़ कर उठक-बैठक करवाने वाले एसडीओ के सुर बदल गए हैं। एसडीओ ने कहा कि मुकदमे से बचने के लिए संविदाकर्मी ने स्वयं कान पकड़कर क्षमा मांगी। एसडीओ ने इसका लिखित बयान दिया है और इसका पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विद्युत वितरण खंड ऊंचाहार के उपखंड अधिकारी इंदुशेखर ने शनिवार को संविदा लाइन सूरजभान को उठक बैठक कराई थी और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। इससे नाराज होकर संविदाकर्मियों ने रविवार को एक्सईएन कार्यालय पर एसडीओ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया था।
एक्सईएन धीरेंद्र सिंह ने मामले की जांच उपखंड अधिकारी जगतपुर विशाल कुमार व रोहनिया उपखंड अधिकारी आशीष कुमार को सौंपी थी। अब एसडीओ इंदुशेखर ने अपना लिखित बयान जारी किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि लाइनमैन बकायेदार उपभोक्ताओं के काटे गए कनेक्शन को जोड़ देता था। इससे राजस्व वसूली नहीं हो पा रही थी।
शिकायत के बाद उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी थी, लेकिन इसके पहले संविदाकर्मी कार्यालय में आया और अपनी गलती मानते हुए कान पकड़कर क्षमा मांगी। अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार ने बताया कि किसी ऐसे पत्र की जानकारी नहीं है। मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है।