रायबरेली। वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्य सचिव के निर्देश के बाद सोमवार को एफएसडीए ने होटलों और मेडिकल स्टोरों की जांच की। मास्क और सेनेटाइजरों की कालाबाजारी की शिकायतों पर दवा एजेंसियों और मेडिकल स्टोरों में स्टाक और रेट की जांच की गई। एफएसडीए की टीम ने 10 से अधिक होटलों में साफ सफाई की जांच करके दिशा-निर्देश दिए।
डीआई दीपक शर्मा ने सोमवार को भी शहर के जेडी फार्मा, आलिया फार्मा, लक्ष्मी फार्मा सहित एजेसियों व मेडिकल स्टोरों पर पहुंचकर जांच की। दुकानदारों को निर्देश दिए कि चिकित्सकों द्वारा लिखे जाने के बाद ही मास्क की बिक्री की जाए। साथ ही सेनेटाइजर की बिक्री प्रिंट रेट से अधिक में न की जाए। सभी मेडिकल स्टोरों पर पर्याप्त मात्रा में सेनेटाइजर की व्यवस्था कराई जाए।
कालाबाजारी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पकड़ में आने पर एफआईआर की जाएगी। उन्होंने केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों को भी इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए। एफएसडीए के अभिहित अधिकारी इंद्र बहादुर यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार, अमरनाथ, नितिन कुमार, कृष्णाकांत आदि की टीम ने शहर के पायल रेस्टोरेंट, सुयश होटल, नरेश स्वीट्स, ओम क्लार्क इन, पवन स्वीट्स, नेहा जूस कार्नर सहित अन्य प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर साफ-सफाई की जांच की। कई प्रतिष्ठानों में खामियां मिलने पर नोटिस देने के निर्देश दिए।